‘भारतीय सेना में महिलाओं की संख्या बढ़ाने की बनी योजना’: अजय भट्ट

0

नई दिल्ली , 01अगस्त। राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बताया है कि भारतीय सेना में महिलाओं की संख्या बढ़ाने की योजना बनाई गई है। दरअसल, भट्ट सीपीआई सांसद संतोष कुमार पी के सवाल का जवाब दे रहे थे, जब उन्होंने भारतीय सेना के मेडिकल और गैर-मेडिकल कैडर में महिलाओं की संख्या और भारतीय सेना में महिलाओं की संख्या बढ़ाने की सरकार की योजना के बारे में पूछा था।

शॉर्ट सर्विस कमीशन में महिलाओं के लिए 90 रिक्तियां’
प्रमुख पहलों के बारे में जानकारी देते हुए, रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि जुलाई 2022 से राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, पुणे में प्रति वर्ष महिला सेना कैडेटों के लिए 20 रिक्तियां आवंटित की गई हैं। उन्होंने कहा कि शॉर्ट सर्विस कमीशन में महिलाओं के लिए 90 रिक्तियां हैं, जिसमें जून 2023 से 10 अतिरिक्त रिक्तियां भी शामिल हैं।

मार्च 2023 कई विभागों में महिलाओं के लिए मिली मंजूरी
अजय भट्ट ने कहा, “मार्च 2023 से आर्टिलरी इकाइयों के साथ-साथ रिमाउंट और पशु चिकित्सा कोर में भी महिला अधिकारियों को शामिल करने की मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि आर्मी एविएशन में पायलट के रूप में महिला अधिकारियों का प्रवेश जून 2021 से शुरू हुआ और भारतीय सेना में सैन्य पुलिस कोर में अन्य रैंकों में महिलाओं का नामांकन 2019 में शुरू हुआ।

महिला अधिकारियों की कुल संख्या 1700 के पार
मंत्री के मुताबिक, 1 जुलाई, 2023 तक भारतीय सेना के मेडिकल कैडर में महिलाओं की कुल संख्या आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) में 1,212 है; आर्मी डेंटल कोर (एडीसी) में 168; मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (एमएनएस) में 3,841 है।

अजय भट्ट ने यह भी कहा कि 1 जनवरी, 2023 तक भारतीय सेना (एएमसी, एडीसी और एमएनएस को छोड़कर) में महिला अधिकारियों की कुल संख्या 1,733 है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.