कृषि अर्थव्यवस्था व किसानों के लिए कल्याणकारी होगा हार्टिकल्चर कॉलेज -नरेंद्र सिंह तोमर

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मुरैना हार्टिकल्चर कॉलेज का किया शिलान्यास

0

नई दिल्ली,7 अक्टूबर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में रानी लक्ष्मी बाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी के अंतर्गत मुरैना जिले की पोरसा तहसील के ग्राम रतन बसई में स्थापित होने वाले हार्टिकल्चर कॉलेज का शिलान्यास हुआ। 160 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस कॉलेज में स्नातक की शिक्षा देने के साथ ही कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को खेती संबंधी प्रशिक्षण देते हुए उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। 300 एकड़ में जब कॉलेज बनकर तैयार होगा, तब इस क्षेत्र का विस्तार-विकास अलग ही दिखेगा। इस कॉलेज से चंबल-ग्वालियर क्षेत्र सहित मध्य प्रदेश के साथ ही राजस्थान व उत्तर प्रदेश के कई जिले भी लाभान्वित होंगे। शोध कार्यों के लिए भी कॉलेज के माध्यम से किसानों व क्षेत्र को लाभ होगा।

 

समारोह में केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि यह कॉलेज क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था में परिवर्तन लाने के साथ ही किसानों के लिए कल्याणकारी होगा। इससे युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, वहीं ये किसानों की आमदनी बढ़ाने में भी सहायक होगा। खेती-किसानी में नई फसलें और टेक्नालाजी आने के साथ मुनाफा बढ़ेगा, जिससे युवा पीढ़ी खेती की ओर अधिक आकर्षित होगी। नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कृषि क्षेत्र में पिछले 9-10 सालों में बहुत सुखद परिवर्तन आया है। इसमें किसानों की मेहनत तो है ही, हमारे कृषि वैज्ञानिकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वैज्ञानिकों द्वारा विकसित किए गए नए-नए बीजों के कारण खेती फल-फूल रही है। नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि इस क्षेत्र में बाजरा की खेती बहुतायत में होती है। सामान्यतः बाजरे का आटा 15-20 दिन में खराब हो जाता है, लेकिन प्रसन्नता की बात है कि हमारे कृषि वैज्ञानिकों ने बाजरे का नया बीज तैयार किया है, जिससे बाजरे का आटा 6 माह भी अच्छी स्थिति में रहेगा। ये बीज किसानों के लिए काफी लाभकारी होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.