हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 14 फरवरी से शुरू होकर 29 फरवरी तक चलेगा

0

शिमला , 25जनवरी। हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र 14 फरवरी से होगा। बजट सत्र 29 फरवरी तक चलेगा। बजट सत्र के दौरान कुल 13 बैठकें होंगी। दो दिन गैर सरकारी कार्य दिवस होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 17 फरवरी को अपने मौजूदा कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करेंगे। बजट सत्र का आगाज राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगा। 15 फरवरी को सत्रके दूसरे दिन मुख्यमंत्री अनुपूरक बजट सदन में पेश करेंगे। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होगी। 16 फरवरी को सदन में अनुपूरक बजट का पारण होगा। साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर सत्ता पक्ष की तरफ से लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के बाद इसे पारित किया जाएगा।

बजट सत्र के दौरान 17 फरवरी को मुख्यमंत्री माली साल 2024-25 का बजट सदन में पेश करेंगे। 19 फरवरी से बजट अनुमानों पर चर्चा शुरू होगी। 20 तथा 21 फरवरी को बजट पर सदन में चर्चा जारी रहेगी। 22 फरवरी को गैर सरकारी सदस्य दिवस होगा। 23 फरवरी को बजट पर चर्चा का समापन होगा। 24 व 25 फरवरी को अवकाश होगा। इस दौरान बजट सदन की कमेटियों को भेजा जाएगा।

विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि 26 फरवरी को सदन में सदन में मांगों पर मतदान होगा। 27 फरवरी से सदन में मांगों अर्थात कटौती प्रस्तावों पर चर्चा का आगाज होगा। 28 को गैर सरकारी सदस्य दिवस होगा। बजट सत्र के अंतिम दिन 29 फरवरी को मांगों पर चर्चा के बाद इन्हें पारित किया जाएगा। अर्थात बजट पारित होगा।

लोक सभा चुनाव की घोषणा से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आगामी माली साल के बजट से प्रदेश के युवाओं , कर्मचारियों , पेंशन भोगियों के साथ साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को खासा उम्मीदें हैं। बेरोजगार बजट में रोजगार का पिटारा खुलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं , तो कर्मचारी वित्तीय लाभ मिलन की। पशु पालक गोबर खरीद के साथ साथ दूध की खरीद कीमत में इजाफा होने की उम्मीद लगाए हैं। सबसे बड़ी उम्मीद महिलाओं को है। महिलाओं को उम्मीद है कि आगामी माली साल के बजट में मुख्यमंत्री कांग्रेस की गांरटी के मुताबिक उन्हें 1500-1500 रुपए महिला सम्मान भत्ता देने की घोषणा करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.