शशि थरूर ने राहुल गांधी से पूछा- कांग्रेस में मेरा क्या रोल?
नई दिल्ली,22 फरवरी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सांसद शशि थरूर ने राहुल गांधी से पार्टी में अपनी भूमिका को लेकर सवाल किया है। हाल ही में हुई एक बैठक में थरूर ने स्पष्ट रूप से पूछा कि कांग्रेस में उनकी क्या भूमिका होगी और भविष्य में पार्टी उनसे किस तरह की जिम्मेदारियों की अपेक्षा रखती है। उनके इस सवाल ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
शशि थरूर ने 18 फरवरी को दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने पार्टी में किनारे किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें संसद के महत्वपूर्ण बहसों में बोलने का मौका नहीं मिलता और पार्टी में उन्हें इग्नोर किया जा रहा है। थरूर ने कहा कि वह पार्टी में अपनी स्थिति को लेकर असमंजस में हैं और चाहते हैं कि राहुल गांधी उन्हें उनकी भूमिका के बारे में स्पष्ट रूप से बताएं।